मुंबई के ऐतिहासिक CSMT रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप; तीन घंटे चला सघन तलाशी अभियान

मुंबई के ऐतिहासिक CSMT रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप; तीन घंटे चला सघन तलाशी अभियान

डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने खंगाला स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनें; जांच में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु, धमकी देने वाले कॉलर की तलाश में जुटी पुलिस

मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के प्रमुख और ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। 14 नवंबर की शाम मिली इस धमकी के बाद रेलवे पुलिस, मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड पर आ गईं। एहतियातन स्टेशन परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री अथवा संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

डायल 112 पर आया धमकी भरा फोन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:40 से 6:50 बजे के बीच पुलिस और रेलवे पुलिस के नियंत्रण कक्ष को एक धमकी भरा फोन आया। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने दावा किया कि मुंबई के व्यस्त CSMT रेलवे स्टेशन पर बम रखा गया है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी और स्टेशन परिसर में जांच शुरू करवाई।

डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने चलाया तलाशी अभियान

धमकी की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), मुंबई पुलिस और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड को भी तलाशी अभियान में लगाया गया।सुरक्षा टीमों ने स्टेशन के उपनगरीय और लंबी दूरी की ट्रेनों के प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, पार्सल क्षेत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की बारीकी से जांच की। ट्रेनों के भीतर भी संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई। यात्रियों और उनके सामान की भी जांच की गई। करीब तीन घंटे तक चले इस सघन तलाशी अभियान के बाद रात लगभग 9:30 बजे जांच पूरी हुई। राहत की बात यह रही कि पूरे अभियान के दौरान न तो कोई विस्फोटक सामग्री मिली और न ही कोई संदिग्ध वस्तु बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह धमकी फर्जी प्रतीत हो रही है।

धमकी देने वाले की पहचान में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने घटना की जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष को दे दी है। पुलिस अब धमकी भरा फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। कॉल से संबंधित तकनीकी जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी बढ़ाई गई सतर्कता

CSMT को मिली धमकी के बाद मुंबई के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT), ठाणे और कल्याण सहित महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा तैनाती और निगरानी बढ़ाए जाने की जानकारी सामने आई है। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।

ऐतिहासिक स्टेशन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई जरूरी

गौरतलब है कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस केवल मुंबई का प्रमुख रेलवे स्टेशन ही नहीं, बल्कि देश की ऐतिहासिक धरोहरों में भी शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय और लंबी दूरी के यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थल को बम से उड़ाने की धमकी देना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। फिलहाल तलाशी अभियान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने से राहत जरूर मिली है, लेकिन पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती धमकी देने वाले व्यक्ति तक पहुंचना और उसके पीछे की मंशा का पता लगाना है। जांच एजेंसियां मामले की तह तक जाने में जुटी हैं।


Comments

Popular posts from this blog

नालासोपारा विरार लिंक रोड़ पर तेज रफ्तार कार ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल

नालासोपारा स्टेशन के पास गंदे पानी में चाय की केतलियां धोने का वीडियो वायरल, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल...

वसई विरार शहर मनपा चुनाव में दिग्गज नेताओं की हार राजनीतिक गलियारों में मचा दी है हलचल