नालासोपारा स्टेशन के पास गंदे पानी में चाय की केतलियां धोने का वीडियो वायरल, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल...
नालासोपारा स्टेशन के पास गंदे पानी में चाय की केतलियां धोने का वीडियो वायरल, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल
नालासोपारा : नालासोपारा पूर्व रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 के सामने एक चाय विक्रेता (पंचवटी टी एंड भोजनालय) द्वारा बारिश के कारण जमा गंदे और बदबूदार पानी में चाय की केतलियां धोने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर चाय विक्रेता को स्टेशन परिसर के बाहर बारिश के पानी और गंदगी से भरे जलभराव में चाय की केतलियां साफ करते हुए देखा जा सकता है। इस घटना ने सार्वजनिक स्वास्थ्य और खाद्य स्वच्छता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खाद्य एवं पेय पदार्थ बेचने वाले विक्रेताओं को स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करना चाहिए। गंदे पानी में उपयोग होने वाले बर्तनों की सफाई से संक्रमण और खाद्य जनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। नागरिकों ने संबंधित विभागों से वायरल वीडियो की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित चाय विक्रेता के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा स्टेशन परिसर में खाद्य पदार्थ बेचने वाले सभी विक्रेताओं की नियमित स्वच्छता जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।

Comments
Post a Comment