नालासोपारा स्थित शिर्डी नगर में पटाखे से दो वाहनों में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
नालासोपारा स्थित शिर्डी नगर में पटाखे से दो वाहनों में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई
नालासोपारा : दीपावली के उत्सवी माहौल के बीच नालासोपारा पूर्व के शिर्डी नगर इलाके में पटाखे के कारण आग लगने की घटना सामने आई है। यहां अचानक लगी भीषण आग की चपेट में एक टूरिस्ट वाहन और एक निजी वाहन आ गए। देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग की लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिर्डी नगर परिसर में पटाखे के कारण अचानक एक वाहन में आग लग गई। आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़े दूसरे निजी वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों वाहनों से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं को देखकर स्थानीय नागरिकों में दहशत फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की कई दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को आसपास के अन्य वाहनों और रिहायशी परिसरों तक फैलने से रोक लिया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, आग की चपेट में आए दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
पटाखों से सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
दीपावली के दौरान पटाखे जलाते समय लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है, शिर्डी नगर की यह घटना इसका एक और उदाहरण है। रिहायशी इलाकों और वाहनों के आसपास पटाखे फोड़ना गंभीर हादसों को न्योता दे सकता है। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि वे पटाखे जलाते समय निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहनों के आसपास आतिशबाजी करने से बचें।
फिलहाल घटना में आग लगने के सटीक कारणों और हुए आर्थिक नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

Comments
Post a Comment