कैबिनेट मंत्री गणेश नाईक के जन्मदिन पर बोईसर में सेवा का चलाया गया महाअभियान...
कैबिनेट मंत्री गणेश नाईक के जन्मदिन पर बोईसर में सेवा का चलाया गया महाअभियान...
105 यूनिट रक्तदान, 170 लोगों की स्वास्थ्य व नेत्र जांच; 35 महिलाओं की हुई नि:शुल्क ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग...
पालघर : पालघर जिले के पालकमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री तथा विधायक गणेश नाईक के जन्मदिन के उपलक्ष्य में रविवार, 13 सितंबर 2026 को बोईसर पश्चिम स्थित डॉन बॉस्को स्कूल, खोदाराम बाग में सामाजिक सेवा का उल्लेखनीय आयोजन किया गया। शिवशक्ति सामाजिक संगठना (पालघर), श्रमिक कामगार संगठना तथा पालघर जिला ऑटो-रिक्शा टैक्सी चालक-मालक संगठना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 35वें वर्ष के महारक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। शिविर में 105 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके साथ ही 170 लोगों की सामान्य स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच की गई, जबकि 35 महिलाओं की नि:शुल्क ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कराई गई। आयोजकों के इस सामाजिक उपक्रम को नागरिकों की ओर से भी सकारात्मक प्रतिसाद मिला।
छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर का शुभारंभ आयोजन प्रमुख संजय जे. पाटील सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा महाराजाधिराज छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर पालकमंत्री गणेश नाईक के जन्मदिन के उपलक्ष्य में उन्हें शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ महिलाओं के लिए विशेष पहल
शिविर में केवल रक्तदान तक ही कार्यक्रम को सीमित नहीं रखा गया, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वारोग्या प्योर होम्योपैथी क्लिनिक की डॉ. जान्हवी सं. पाटील द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा नि:शुल्क आई-चेकअप, जरूरतमंद ऑटो-रिक्शा चालकों के लिए मुफ्त चश्मे एवं आई-ड्रॉप का वितरण किया गया। महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद सैकड़ों महिलाओं को सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।
विशेष रूप से 35 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग किया जाना शिविर का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने और समय रहते संभावित बीमारी की पहचान करने की दृष्टि से इस पहल को अहम माना जा रहा है।

Comments
Post a Comment