वसई के भुईगांव समुद्र तट पर मृत अवस्था में मिला डॉल्फिन, समुद्री जीवों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
वसई के भुईगांव समुद्र तट पर मृत अवस्था में मिला डॉल्फिन, समुद्री जीवों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
वसई : पालघर जिले के वसई तालुका स्थित भुईगांव समुद्र तट पर गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे एक डॉल्फिन मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। समुद्र तट पर घूमने आए स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही मृत डॉल्फिन पर पड़ी, उन्होंने इसकी सूचना आसपास मौजूद लोगों को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉल्फिन समुद्र किनारे लहरों के साथ बहकर आई थी और उसमें किसी प्रकार की हलचल नहीं थी। लोगों ने नजदीक जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में पाई गई। कई लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। डॉल्फिन जैसे संवेदनशील समुद्री जीव का इस प्रकार मृत अवस्था में मिलना पर्यावरणविदों और समुद्री जीव संरक्षण से जुड़े लोगों के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर डॉल्फिन की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विशेषज्ञों का मानना है कि समुद्री प्रदूषण, मछली पकड़ने वाले जाल में फंसना, समुद्री यातायात या अन्य प्राकृतिक कारणों से भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। हालांकि वास्तविक कारण का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित वन विभाग, मत्स्य विभाग तथा अन्य प्रशासनिक एजेंसियों से मामले की गंभीरता से जांच कराने और समुद्री जीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि समुद्री जैव विविधता की रक्षा के लिए नियमित निगरानी और संरक्षण उपायों को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से डॉल्फिन के शव का पंचनामा कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए जाने की संभावना है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इस दुर्लभ समुद्री जीव की मौत को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय-समय पर ऐसे मामलों की वैज्ञानिक जांच की जाए तो समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र पर पड़ रहे खतरों का समय रहते पता लगाया जा सकता है।

Comments
Post a Comment