समान काम, समान वेतन की मांग पर स्वास्थ्य कर्मियों का महा-अन्न त्याग आंदोलन शुरू...
समान काम, समान वेतन की मांग पर स्वास्थ्य कर्मियों का महा-अन्न त्याग आंदोलन शुरू...
24 जुलाई से वसई-विरार मनपा मुख्यालय पर GNM, ANM सहित कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन, मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान...
विरार : वसई-विरार शहर मनपा के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत GNM, ANM सहित विभिन्न संवर्ग के कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार, 24 जुलाई से महा-अन्न त्याग आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलनकारी कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी जायज़ मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। आंदोलन में शामिल कर्मचारियों ने "समान काम, समान वेतन", नियमित सेवा शर्तों का लाभ, वेतन विसंगतियों को दूर करने तथा वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को न्याय देने की मांग उठाई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से मनपा के स्वास्थ्य विभाग में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें समान कार्य करने के बावजूद अन्य कर्मचारियों की तुलना में कम वेतन और सुविधाएं मिल रही हैं। कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखीं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। मजबूर होकर उन्हें महा-अन्न त्याग आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। उन्होंने हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकारों और न्यायसंगत मांगों के लिए आवाज उठाना है।आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मनपा प्रशासन की होगी। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के इस आंदोलन से आने वाले दिनों में मनपा की कुछ स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सेवाओं को प्रभावित न करने का हर संभव प्रयास करेंगे। अब सभी की निगाहें वसई-विरार मनपा प्रशासन पर टिकी हैं कि वह आंदोलनरत कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान निकालने की दिशा में क्या कदम उठाता है..??

Comments
Post a Comment