घरेलू विवाद के दौरान ससुर के धक्के से बहू की मौत, विरार की दर्दनाक घटना

घरेलू विवाद के दौरान ससुर के धक्के से बहू की मौत, विरार की दर्दनाक घटना

आठ माह की मासूम बच्ची से छिना मां का साया, ससुर गिरफ्तार; अदालत ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

विरार : विरार पश्चिम क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान हुई धक्का-मुक्की एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। ससुर द्वारा कथित तौर पर दिए गए जोरदार धक्के से गिरकर सिर में गंभीर चोट लगने के कारण 28 वर्षीय विवाहित महिला की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मामले में बोळींज पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मृतका की पहचान प्राची कल्पेश पाटील (28) के रूप में हुई है। वह विरार पश्चिम के नारंगी गांव स्थित भगत आळी में अपने पति और ससुराल वालों के साथ रहती थी। प्राची अपने पीछे केवल आठ माह की एक मासूम बेटी को छोड़ गई है, जिसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह प्राची और उसके ससुर गणपत पाटील के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान ससुर द्वारा गाली-गलौज की जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर प्राची का भाई विशाल पाटील, जो चिखलडोंगरी का निवासी है, अपनी बहन को मायके ले जाने के उद्देश्य से उसके घर पहुंचा। इसी दौरान प्राची की आठ माह की बेटी गणपत पाटील के कंधे पर थी। बच्ची को अपने पास लेने के प्रयास में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान गणपत पाटील ने प्राची को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजनों ने गंभीर हालत में प्राची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बोळींज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपी ससुर गणपत पाटील के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के बढ़ते गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है। एक मामूली कहासुनी ने एक युवा महिला की जान ले ली और आठ माह की मासूम बच्ची को उसकी मां से हमेशा के लिए दूर कर दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

नालासोपारा स्टेशन के पास गंदे पानी में चाय की केतलियां धोने का वीडियो वायरल, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल...

नालासोपारा विरार लिंक रोड़ पर तेज रफ्तार कार ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल