वर्क ऑर्डर के बिना हो रहे विकास कार्यों पर रोक लगाने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन
वर्क ऑर्डर के बिना हो रहे विकास कार्यों पर रोक लगाने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन...
नालासोपारा : वसई-विरार शहर महानगरपालिका में वर्क ऑर्डर, प्रशासनिक स्वीकृति और तकनीकी मंजूरी के बिना विकास कार्य कराए जाने का आरोप लगाते हुए परिवर्तन संगठन के सचिव शिव प्रताप सिंह सोमवंशी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन भेजकर तत्काल रोक लगाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि जनवरी 2026 में महानगरपालिका चुनाव के बाद जनप्रतिनिधि निर्वाचित हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ विभागों, विशेषकर निर्माण विभाग में, प्रशासक काल की कार्यप्रणाली के अनुसार ही काम किए जा रहे हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कई विकास कार्य बिना वर्क ऑर्डर जारी किए, आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी किए बिना तथा स्वीकृत अनुमान (एस्टिमेट), तकनीकी मंजूरी और कार्य विवरण सार्वजनिक किए बिना शुरू किए जा रहे हैं। इससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ रही है। ज्ञापन में यह भी दावा किया है कि कई स्थानों पर विकास कार्यों की गुणवत्ता बेहद खराब है तथा कम लागत में काम कर अधिक राशि के बिल प्रस्तुत किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि नव-निर्वाचित कई नगरसेवकों को महानगरपालिका की प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी नहीं होने का लाभ कुछ अधिकारी उठा रहे हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना विकास कार्य कराए जाने की प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाने की आवश्यकता है।परिवर्तन संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि बिना वर्क ऑर्डर एवं आवश्यक स्वीकृतियों के कोई भी विकास कार्य शुरू न किया जाए, प्रत्येक परियोजना का अनुमान, निधि, ठेकेदार का नाम और कार्य अवधि सार्वजनिक की जाए, निर्माण विभाग के सभी कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराई जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।संगठन ने मुख्यमंत्री से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Comments
Post a Comment