नालासोपारा पूर्व के प्रभाग क्रमांक 8 वलई पाड़ा में धड़ल्ले से जारी है अवैध निर्माण, स्थानीय नगरसेवक की भूमिका पर उठे सवाल

नालासोपारा पूर्व के प्रभाग क्रमांक 8 वलई पाड़ा में धड़ल्ले से जारी है अवैध निर्माण, स्थानीय नगरसेवक की भूमिका पर उठे सवाल

नालासोपारा : नालासोपारा पूर्व के प्रभाग क्रमांक 8 वलई पाड़ा में इन दिनों कथित रूप से अवैध निर्माण का सिलसिला लगातार जारी है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति के कई निर्माण कार्य खुलेआम किए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें रोकने के लिए न तो प्रभावी कार्रवाई दिखाई दे रही है और न ही जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर गंभीर नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभाग में कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य दिन-रात जारी हैं। निर्माण सामग्री खुलेआम पहुंचाई जा रही है और मजदूर लगातार काम कर रहे हैं, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की नजर इस ओर क्यों नहीं पड़ रही है। नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र के स्थानीय नगरसेवक के नाक के नीचे यह पूरा खेल चल रहा है,

लेकिन अवैध निर्माण को रोकने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही। इससे नगरसेवक की कार्यशैली और क्षेत्र में प्रशासनिक निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारों का कहना है कि किसी भी निर्माण कार्य के लिए संबंधित नगर निगम से अनुमति लेना अनिवार्य होता है। यदि बिना स्वीकृति निर्माण किया जा रहा है तो यह नगर नियोजन नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में तत्काल जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए। स्थानीय नागरिकों ने वसई-विरार शहर महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि प्रभाग क्रमांक 8 में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि किसी निर्माण में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित निर्माणकर्ताओं के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध निर्माण पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में यातायात, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से नियमित निरीक्षण अभियान चलाकर अवैध निर्माण पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

(नोट: यदि संबंधित नगरसेवक या महानगरपालिका प्रशासन इस विषय पर अपना पक्ष प्रस्तुत करता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा