आषाढ़ी एकादशी पर नालासोपारा डिपो को मिलीं 5 नई एसटी बसें, यात्रियों को बड़ी राहत...
आषाढ़ी एकादशी पर नालासोपारा डिपो को मिलीं 5 नई एसटी बसें, यात्रियों को बड़ी राहत...
विधायक राजन नाईक के लगातार प्रयासों से मिली सफलता, शेष 5 बसें भी जल्द मिलने की उम्मीद...
नालासोपारा ( लालप्रताप सिंह) : आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर नालासोपारा एसटी डिपो को 5 नई राज्य परिवहन (एसटी) बसें उपलब्ध कराई गई हैं। इन नई बसों के शामिल होने से वसई-विरार क्षेत्र से कोंकण सहित महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से नालासोपारा डिपो में पुरानी और जर्जर बसों के कारण यात्रियों को लगातार असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजन नाईक ने राज्य सरकार से डिपो के लिए 20 नई एसटी बसें उपलब्ध कराने की लगातार मांग की थी। विधायक के प्रयासों के बाद राज्य सरकार ने पहले ही दो चरणों में 10 नई बसें उपलब्ध करा दी थीं। आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर पंढरपुर वारी में जाने वाले वारकरियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विधायक राजन नाईक ने शेष 10 बसें भी तत्काल उपलब्ध कराने की मांग दोबारा उठाई। इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए राज्य सरकार ने फिलहाल 5 और नई बसें नालासोपारा डिपो को उपलब्ध कराई हैं। संयोगवश मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर नारियल फोड़कर इन नई बसों का शुभारंभ किया गया और उन्हें यात्रियों की सेवा में समर्पित किया गया। इस अवसर पर विधायक राजन नाईक ने आषाढ़ी एकादशी के शुभ अवसर पर नालासोपारा डिपो को नई बसें उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष 5 नई बसें भी शीघ्र ही नालासोपारा डिपो को उपलब्ध करा दी जाएंगी। कार्यक्रम में विधायक राजन नाईक के साथ भाजपा जिला महामंत्री मनोज बारोट, नगरसेवक जयप्रकाश वझे, शहर उपाध्यक्ष जितेंद्र नाईक, डिपो प्रबंधक नवनीत गावित, स्टेशन प्रमुख निखिल सावळे, कार्यशाला अधीक्षक अभिषेक बट, सहायक यातायात निरीक्षक अनिल पाटील सहित एसटी विभाग के अधिकारी, चालक, परिचालक, कर्मचारी एवं पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment