हफ्ता न देने पर पान विक्रेता पर हुआ जानलेवा हमला

हफ्ता न देने पर पान विक्रेता पर हुआ जानलेवा हमला 

नालासोपारा : नालासोपारा शहर अपराध का गढ़ बन चुका है। गत महीनों का यदि आंकड़ा देखा जाए तो नालासोपारा शहर मे असामाजिक तत्वों ने कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है जिसमे की उनकी गिरफ्तारी भी हुई है जिसके बावजूद शहर मे अपराध कम होने का नाम नही ले रहा है। ऐसे मे सवाल यह उठता है कि क्या अपराधियों के अंदर कानून का कोई खौफ़ नही हैं। जिसके चलते आए दिन शहर मे आपराधिक घटनाएं घट रही है। बता दें कि नालासोपारा पूर्व स्थित तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अलकापुरी इलाके में एक पान वाले से हफ्ता मांगने गए छह बदमाशों ने हप्ता न देने पर उस पर चॉपर से हमला कर दिया। हमले में पान वाला बुरी तरह ज़ख्मी हो गया। जिसे आनन फानन मे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों पर मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वारदात को अंजाम देनेवाले आरोपियों पर पहले भी इस तरह के कई मामले दर्ज हैं। अलकापुरी निवासी अभिषेक प्रभाकर चव्हाण (21) की क्षेत्र में पान की दुकान है। मंगलवार रात इसी इलाके में रहने वाले शुभम मिश्रा उर्फ बाबा, अरुण सिंह उर्फ तलवार, अभिषेक शर्मा, आशीष शर्मा व अन्य दो युवक उसकी दुकान पर आए और 10 हजार रुपये हफ्ता मांगने लगे। चव्हाण ने कहा कि मैं हप्ता नहीं दूंगा। इससे भड़क कर शुभम मिश्रा ने चॉपर निकालकर अभिषेक के गर्दन, पीठ व पेट पर तीन वार किये। बीच बचाव में आए चव्हाण के पिता के सिर पर भी बदमाशों ने डंडे से हमला कर दिया। घटना के बाद सभी बदमाश फरार हो गए। फिलहाल जख्मी चव्हाण का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस आरोपियों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है।


Comments