मोरेगांव में एटीसी की बड़ी कार्रवाई: 4.82 करोड़ रुपये की कोकेन और एमडीएमए बरामद, नाइजीरियन महिला गिरफ्तार

मोरेगांव में एटीसी की बड़ी कार्रवाई: 4.82 करोड़ रुपये की कोकेन और एमडीएमए बरामद, नाइजीरियन महिला गिरफ्तार

विरार : मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की एंटी टेररिज्म सेल (एटीसी) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोरेगांव क्षेत्र में छापेमारी कर एक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 4.82 करोड़ रुपये मूल्य की प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद की हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एटीसी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि मोरेगांव इलाके में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारकर ओमोरोगबे मेरिट एनाघेडे (26) नामक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 663 ग्राम कोकेन तथा 1.010 किलोग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 4 करोड़ 82 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बरामद ड्रग्स को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अवैध कारोबार में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जो पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद मादक पदार्थों की आपूर्ति किस नेटवर्क के माध्यम से की जा रही थी और इसके तार किन राज्यों अथवा अंतरराष्ट्रीय गिरोहों से जुड़े हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए तकनीकी एवं खुफिया स्तर पर भी जांच की जा रही है। पुलिस आयुक्तालय की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा