वसई-विरार में 250 करोड़ के मल्टी स्पेशालिटी अस्पताल का निर्माण तत्काल शुरू करने की मांग, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र..

वसई-विरार में 250 करोड़ के मल्टी स्पेशालिटी अस्पताल का निर्माण तत्काल शुरू करने की मांग, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र..

परिवर्तन फाउंडेशन के सचिव शिवप्रताप सिंह सोमवंशी ने अचोले स्थित प्रस्तावित अस्पताल परियोजना में देरी पर जताई चिंता, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कि की मांग

वसई :  वसई-विरार शहर के नागरिकों को आधुनिक एवं सस्ती सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर परिवर्तन फाउंडेशन के सचिव शिवप्रताप सिंह सोमवंशी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक पत्र लिखा है। पत्र में आचोले गांव के सर्वे क्रमांक-6 स्थित प्रस्तावित 250 करोड़ रुपये के बहुविशेषज्ञ (मल्टी स्पेशालिटी) अस्पताल का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि वसई-विरार की आबादी 35 लाख से अधिक हो चुकी है, लेकिन आज भी शहर में उच्च स्तरीय सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। मुख्यमंत्री द्वारा लगभग दो वर्ष पूर्व इस अस्पताल परियोजना को मंजूरी देने के साथ 25 करोड़ रुपये की प्रारंभिक निधि भी उपलब्ध कराई गई थी। अस्पताल निर्माण के लिए आचोले स्थित भूमि भी निःशुल्क उपलब्ध करा दी गई है, इसके बावजूद वसई-विरार शहर महानगरपालिका द्वारा अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। शिवप्रताप सिंह सोमवंशी ने कहा कि परियोजना में लगातार हो रही देरी से स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के कई निजी अस्पतालों में सामान्य उपचार के लिए भी मरीजों से अत्यधिक शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ऐसे में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सरकारी मल्टी स्पेशालिटी अस्पताल की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महसूस की जा रही है। पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से चार प्रमुख मांगें की गई हैं। इनमें आचोले स्थित अस्पताल का निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश जारी करना, स्वीकृत निधि का शीघ्र उपयोग कर परियोजना को गति देना, निर्माण में हुई देरी की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करना तथा वसई-विरार के नागरिकों को जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण, किफायती और आधुनिक सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शामिल है। परिवर्तन फाउंडेशन ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना में शीघ्र हस्तक्षेप करेंगे, ताकि वर्षों से लंबित अस्पताल का सपना साकार हो सके और लाखों नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा