विरार में 22 ग्राम कोकीन के साथ नाइजीरियन नागरिक गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस..
विरार में 22 ग्राम कोकीन के साथ नाइजीरियन नागरिक गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस..
विरार : पालघर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विरार पश्चिम के लिंक रोड क्षेत्र से एक नाइजीरियन नागरिक को कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 22 ग्राम कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹11 लाख बताई जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान यूग्वू जूड चिनोनसो (35) के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक विदेशी नागरिक मादक पदार्थों की बिक्री के उद्देश्य से विरार पश्चिम के लिंक रोड क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर संदिग्ध की निगरानी की और उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 22 ग्राम कोकीन बरामद हुई।बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को तत्काल हिरासत में लिया गया। इसके बाद उसके विरुद्ध नालासोपारा पुलिस स्टेशन में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह कोकीन किस स्रोत से लाया था, इसे किन लोगों तक पहुंचाने वाला था तथा उसके तार किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। मामले की जांच जारी है और पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment