इंडियन मॉडल जूनियर हाई स्कूल, उलवे का ओरिएंटेशन कार्यक्रम वर्ष 2026-27 धूमधाम से संपन्न...

इंडियन मॉडल जूनियर हाई स्कूल, उलवे का ओरिएंटेशन कार्यक्रम वर्ष 2026-27 धूमधाम से संपन्न...

नवी मुंबई : उलवे स्थित भूमिपुत्र सभागार में इंडियन मॉडल जूनियर हाई स्कूल का ओरिएंटेशन कार्यक्रम बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराया गया। साथ ही साथ विद्यालय की विगत वर्षों में मिली उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया। इस विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉक्टर गौरी शाह के आमंत्रण पर इस कार्यक्रम में भारतीय राजस्व विभाग के यूपीएससी के माध्यम से चयनित एवं कमिश्नर पद से सेवानिवृत्त अधिकारी श्री रविंद्र कुमार सिंह, महाराष्ट्र लॉ यूनिवर्सिटी, के डॉ. बबन मोरे तथा एडवोकेट संदीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के मंच की संपूर्ण व्यवस्था एवं संचालन की जिम्मेदारी बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने संभाली। उन्होंने ग्यारहवीं कक्षा में विभिन्न विद्यालयों से प्रवेश लेकर आए नए विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनके लिए आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत, गायन, एकल एवं समूह अभिनय तथा सामाजिक कुरीतियों और समसामयिक विषयों पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी उत्कृष्ट अभिनय क्षमता और आत्मविश्वास ने उपस्थित सभी लोगों की भरपूर सराहना प्राप्त की।अपने प्रेरणादायी संबोधन में सेवानिवृत्त कमिश्नर श्री रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा का स्वरूप समय के साथ काफी बदल चुका है। पहले जहां संसाधनों की कमी के बीच कठिन परिश्रम ही सफलता का मुख्य आधार था, वहीं आज विद्यार्थियों के पास आधुनिक तकनीक और अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा पहले की अपेक्षा कहीं अधिक बढ़ गई है, इसलिए विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने अपने छात्र जीवन और यूपीएससी की तैयारी के दिनों के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने दिल्ली में रहकर कठिन परिस्थितियों में तैयारी की, उच्च शिक्षा प्राप्त की और भारतीय राजस्व विभाग में अधिकारी के रूप में देश की सेवा करने का अवसर प्राप्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यूपीएससी जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया तथा आश्वस्त किया कि यदि किसी छात्र को भविष्य में मार्गदर्शन की आवश्यकता हो, तो वह बिना किसी संकोच के उनसे संपर्क कर सकता है। लगभग दो से तीन घंटे तक चले इस भव्य समारोह में प्रेरक संबोधन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत, गायन और विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रमों ने नए विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सभी अतिथियों ने सराहना की।

Comments

Popular posts from this blog

नालासोपारा विरार लिंक रोड़ पर तेज रफ्तार कार ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल

नालासोपारा स्टेशन के पास गंदे पानी में चाय की केतलियां धोने का वीडियो वायरल, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल...

वसई विरार शहर मनपा चुनाव में दिग्गज नेताओं की हार राजनीतिक गलियारों में मचा दी है हलचल