15 दिन भी नहीं टिक पाया पैच वर्क, नालासोपारा की सड़क फिर हुई जर्जर..
15 दिन भी नहीं टिक पाया पैच वर्क, नालासोपारा की सड़क फिर हुई जर्जर..
विवेक तिवारी ने मनपा की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, गुणवत्ता जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की कि मांग..
नालासोपारा: बरसात शुरू होते ही नालासोपारा की सड़कों की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आ गई है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कुछ ही दिन पहले नगर निगम द्वारा सड़क पर किया गया पैच वर्क 15 दिन भी नहीं टिक पाया और सड़क दोबारा गड्ढों में तब्दील हो गई। इससे वाहन चालकों, दोपहिया सवारों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता विवेक तिवारी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सड़क मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के टैक्स के करोड़ों रुपये सड़क मरम्मत के नाम पर खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कार्य इतने निम्न स्तर के हैं कि पहली ही बारिश में सड़कें फिर से उखड़ जाती हैं। विवेक तिवारी ने कहा कि यदि पैच वर्क निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप किया गया होता, तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होती। उन्होंने मांग की कि संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ गया है। विशेष रूप से रात के समय और बारिश के दौरान वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई भी नहीं देते। नागरिकों ने मांग की है कि नगर निगम केवल औपचारिक पैच वर्क करने के बजाय स्थायी और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराए, ताकि हर वर्ष बरसात के मौसम में लोगों को इसी समस्या का सामना न करना पड़े। साथ ही सड़क मरम्मत कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो लगातार खराब होती सड़कें किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। उन्होंने वसई-विरार महानगरपालिका प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और भविष्य में टिकाऊ निर्माण कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है।

Comments
Post a Comment