वसई के पापड़ी तलाव से अवैध जल निकासी पर कार्रवाई, पंप जब्त
वसई के पापड़ी तलाव से अवैध जल निकासी पर कार्रवाई, पंप जब्त
वसई : वसई स्थित पापड़ी तलाव से एक निर्माण व्यवसायी द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के बड़े पैमाने पर पानी निकाले जाने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों ने इसका विरोध किया। शिकायतों के आधार पर वसई-विरार महानगरपालिका (मनपा) और राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लगाए गए पानी के पंप को जब्त कर लिया तथा तलाव से जुड़े पाइप को काट दिया। जानकारी के अनुसार, संबंधित निर्माण व्यवसायी द्वारा निर्माण कार्यों के लिए पापड़ी तलाव का पानी उपयोग में लाया जा रहा था। इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई थी। स्थानीय नागरिकों को जब इस गतिविधि की जानकारी मिली तो उन्होंने प्रशासन से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद मनपा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में तलाव से पानी निकालने के लिए पंप और पाइपलाइन लगाए जाने की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पंप को जब्त कर लिया और पानी की निकासी रोकने के लिए पाइपलाइन को काट दिया। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक जलस्रोतों का बिना अनुमति उपयोग करना नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जलस्रोतों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन का स्वागत करते हुए सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।

Comments
Post a Comment