विकास के दावों की खुली पोल..! भोयदापाड़ा-राजावली क्षेत्र में सड़क और जलनिकासी का अभाव, नारकीय जीवन जीने को मजबूर रहवासी

विकास के दावों की खुली पोल..! भोयदापाड़ा-राजावली क्षेत्र में सड़क और जलनिकासी का अभाव, नारकीय जीवन जीने को मजबूर रहवासी

वसई (लालप्रताप सिंह) : वसई-विरार शहर मनपा प्रभाग समिति 'जी' अंतर्गत प्रभाग क्रमांक 20 (भोयदापाड़ा - राजावली) में विकास कार्यों के दावों की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। क्षेत्र में न तो आवागमन के लिए समुचित सड़क व्यवस्था उपलब्ध है और न ही जलनिकासी के लिए गटर एवं नालों की पर्याप्त व्यवस्था है। इसके चलते स्थानीय नागरिकों को वर्षभर बदहाल परिस्थितियों में जीवनयापन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती है। कच्चे एवं जर्जर मार्गों पर कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी बनी रहती है। नागरिकों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े विकास के वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही क्षेत्र की ओर ध्यान देना बंद कर देते हैं। वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की मांग किए जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि महानगरपालिका और जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं तथा विभिन्न मंचों पर विकास का ढिंढोरा पीटा जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर इन दावों की वास्तविकता दिखाई नहीं देती। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क, गटर और जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं का निर्माण नहीं कराया गया, तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश होना पड़ सकता है। फिलहाल, क्षेत्र के नागरिकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित प्रशासन और जनप्रतिनिधि कब इन समस्याओं का संज्ञान लेकर विकास के दावों को धरातल पर उतारने की दिशा में ठोस कदम उठाते हैं।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा