रेल मंत्री ने निभाया वादा : छपरा-दिल्ली व मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

रेल मंत्री ने निभाया वादा : छपरा-दिल्ली व मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

छपरा (ओ. पी. तिवारी) : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को छपरा जंक्शन से नई छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस, मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट-औंड़िहार ट्रेन सेवा के वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ किया। रेल मंत्री ने कहा कि 11 मई को दोहरीघाट में किए गए वादे को तय समय में पूरा किया गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार में रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बिहार के लिए रेलवे बजट को बढ़ाकर 10 हजार करोड़ रुपये किया गया है तथा राज्य में नई लाइन, दोहरीकरण, तीसरी-चौथी लाइन, आरओबी और स्टेशन पुनर्विकास के कार्य तेजी से चल रहे हैं। रेल मंत्री ने कहा कि भविष्य में दिल्ली-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे दिल्ली से पटना की यात्रा लगभग 4 घंटे 41 मिनट में पूरी हो सकेगी। उन्होंने बताया कि बिहार में 98 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया जा रहा है तथा राज्य में 14 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नई ट्रेनों के संचालन से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को राजधानी दिल्ली से बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है और राज्य के 38 में से 36 जिले रेल नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। इस अवसर पर बिहार के मढ़ौरा लोकोमोटिव प्लांट से गिनी गणराज्य को निर्यात होने वाले 51वें रेल इंजन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। समारोह में सांसद राजीव प्रताप रूडी, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और राजीव राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा