विरार स्टेशन के पास इंडसइंड बैंक कार्यालय में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं...
विरार स्टेशन के पास इंडसइंड बैंक कार्यालय में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं...
विरार : विरार पूर्व स्थित पुष्पा प्लाजा बिल्डिंग की पहली मंजिल पर बने इंडसइंड बैंक के कार्यालय में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग से उठने वाला घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग का धुआं और लपटें विरार रेलवे स्टेशन से भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थीं। घटना स्थल रिलायंस मॉल के समीप स्थित होने के कारण आसपास के क्षेत्र में काफी हलचल रही। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए थे। राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस समय बैंक कार्यालय में कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। इस कारण किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित अधिकारी और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा के मद्देनजर घटना स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की है।

Comments
Post a Comment