मुंबई स्थित अंधेरी में मिलावटी चाय पाउडर बनाने का हुआ भंडाफोड़, 900 किलो माल जब्त...
मुंबई स्थित अंधेरी में मिलावटी चाय पाउडर बनाने का हुआ भंडाफोड़, 900 किलो माल जब्त...
मुंबई : डी.एन. नगर पुलिस स्टेशन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की संयुक्त कार्रवाई में अंधेरी पश्चिम स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर बड़े पैमाने पर मिलावटी चाय पाउडर बनाने के गोरखधंधे का पर्दाफाश किया गया। इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को डी.एन. नगर पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि अंधेरी पश्चिम के गिल्बर्ट हिल रोड स्थित एकता को-ऑपरेटिव सोसायटी के कमरा नंबर 707 में चाय पाउडर में रंग और अन्य पदार्थ मिलाकर नकली चाय तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस उपनिरीक्षक अविनाश तुकाराम दराडे, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों तथा पंचों की उपस्थिति में संबंधित स्थान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान फजलेक खान (39) नामक व्यक्ति चाय पाउडर में रंग और पानी मिलाकर उसे बड़े प्लास्टिक टब में तैयार करते हुए पाया गया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में चाय पाउडर, रंग मिश्रण, पैकेजिंग सामग्री, वजन काटा तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए। जांच में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चाय पाउडर में रंग मिलाकर उसे बाजार में बेचता था। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से करीब 900 किलोग्राम मिलावटी चाय पाउडर एवं बड़ी मात्रा में रंग जब्त कर लिया है। जब्त सामग्री के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार आरोपी के पास खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक लाइसेंस और पंजीकरण भी नहीं था। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के मिलावटी खाद्य पदार्थ मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं और इनके सेवन से विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। डी.एन. नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26, 27, 31, 59 और 63 के अलावा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 112, 274, 345 तथा 347(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक अविनाश तुकाराम दराडे मामले की आगे की जांच कर रहे हैं। पुलिस अब इस मिलावटी चाय के नेटवर्क, कच्चा माल उपलब्ध कराने वाले सप्लायरों तथा बाजार में इसकी बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंग और अन्य मिलावटी तत्व मिलाने से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से पैकिंग, गुणवत्ता और ब्रांड की जांच कर ही खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की है।

Comments
Post a Comment