नालासोपारा स्थित चैंपियन कंपाउंड में लगी भीषण आग, काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन दल ने आग पर पाया काबू

नालासोपारा स्थित चैंपियन कंपाउंड में लगी भीषण आग, काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन दल ने आग पर पाया काबू

नालासोपारा : वसई विरार शहर में लगातार आग लगने का सिलसिला जारी है। सोमवार तड़के करीब 12:45 बजे नालासोपारा फाटा के पास चैंपियन कंपाउंड में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। जहां तुरंत दमकलकर्मीयों ने दस्तक दी और आग पर काबू पा ली। नालासोपारा फाटा के पास स्थित चैंपियन कंपाउंड में कई प्रकार के औद्योगिक कारखाने हैं। सोमवार को यहां एक प्लास्टिक निर्माण कारखाने में आग लग गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना वसई विरार शहर मनपा के अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लास्टिक सामग्री के कारण आग तेज़ी से फैल गई। आग से उठता धुआँ आसमान में काफी ऊपर तक फैल गया है, जिससे नागरिकों में भय का माहौल बन गया है। हालांकि उक्त घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग की घटना को देखने के लिए घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शहर में इस तरह की आग की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे शहर में अग्नि सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Comments