खदान में पिता और बेटी की डूबने से हुई मौत
खदान में पिता और बेटी की डूबने से हुई मौत
विरार : मकर संक्रांति के दिन, विरार पूर्व स्थित बरफपाड़ा इलाके में एक खदान में पिता और बेटी की डूबने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे घटी। पिता विनायक सीताप (48) और बेटी इकान्शा सीताप (15) दोनों जोगेश्वरी में रहते थे। मकर संक्रांति के अवसर पर वे पूर्वी विरार के बरफपाड़ा इलाके में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के घर मेहमान बनकर आए थे। दोपहर करीब 3 बजे, विनायक सीताप इस इलाके की खदान में तैरने गए थे। हालांकि, पानी की गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण वे डूबने लगे। उनकी बेटी ईकांशा उन्हें बचाने दौड़ी, लेकिन दोनों ही खदान में डूब गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना विरार पुलिस को दी। पुलिस ने दमकल कर्मियों की मदद से डूबे पिता-पुत्री की तलाश की, शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लालू तुरे ने बताया कि इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। मकर संक्रांति के दिन घटी इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Comments
Post a Comment