बविआ प्रमुख हितेंद्र ठाकुर ने चुनाव अधिकारियों के ढीले और मनमाने प्रबंधन पर व्यक्त की नाराजगी, लगाए गंभीर आरोप
बविआ प्रमुख हितेंद्र ठाकुर ने चुनाव अधिकारियों के ढीले और मनमाने प्रबंधन पर व्यक्त की नाराजगी, लगाए गंभीर आरोप
विरार : आज सुबह से ही वसई विरार शहर मनपा चुनाव के मद्देनजर सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता शहर के विकास के लिए अपना वोट डालने के लिए उमड़ पड़े। हालांकि, वसई और विरार के अधिकांश स्थानों पर अचानक मतदान मशीनों के बंद होने से नागरिकों को देरी का सामना भी करना पड़ा। इसी बीच पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर ने चुनाव प्रणाली के प्रति अपनी नाराजगी भी व्यक्त की। बविआ प्रमुख पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर ने आज विरार स्थित कन्या हाई स्कूल मतदान केंद्र पर अपने पूरे परिवार के साथ मतदान किया। इस दौरान उनकी पत्नी प्रवीणा ठाकुर, नालासोपारा के पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर और उनकी पत्नी प्राची ठाकुर, दो बेटियां और परिवार के अन्य सदस्य उत्तुंग ठाकुर, येलो ठाकुर और शिखर ठाकुर भी मौजूद थे। मतदान के बाद हितेंद्र ठाकुर ने चुनाव अधिकारियों के ढीले और मनमाने प्रबंधन पर अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि एक वार्ड में लगभग 500 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब थे। साथ ही, कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को अपने मोबाइल फोन 100 मीटर की दूरी पर रखने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने ऐप पर आधार कार्ड स्वीकार न करने और मनमाने नियम बनाकर मतदाताओं को परेशान करने जैसी कई शिकायतें उठाईं। ठाकुर ने मांग की कि चुनाव आयोग इन सभी मुद्दों पर तत्काल ध्यान दे, क्योंकि ये लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा डाल रहे हैं।

Comments
Post a Comment