विधानसभा चुनाव के वोटिंग से एक दिन पहले बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े की बढ़ी मुश्किल, पैसे बांटने का लगा संगीन आरोप
विधानसभा चुनाव के वोटिंग से एक दिन पहले बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े की बढ़ी मुश्किल, पैसे बांटने का लगा संगीन आरोप
विरार : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वोटिंग से एक दिन पहले बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े की मुश्किलें बढ़ गई है। चुनाव आयोग ने विनोद तावड़े के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदान के ठीक 24 घंटे पहले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े पर पैसे बांटने का संगीन आरोप लगाते हुए विपक्षी पार्टी बहुजन विकास अघाड़ी के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। बताया जा रहा है कि विरार स्थित एक होटल में विनोद तावड़े 5 करोड़ रुपए लेकर बांटने के लिए आए थे, हालांकि विनोद तावड़े इन आरोपों को झूठा ठहरा रहे हैं। हालांकि उक्त मामले में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि "नालासोपारा के विधायकों की बैठक चल रही थी। मतदान के दिन के लिए आदर्श आचार संहिता, वोटिंग मशीन को कैसे सील किया जाएगा और अगर कोई आपत्ति दर्ज करानी है तो क्या करना है… मैं उन्हें इसके बारे में बताने गया था। बहुजन विकास आघाड़ी के विधायक हितेंद्र ठाकुर और क्षितिज ठाकुर को लगा कि हम पैसे बांट रहे हैं अथवा बहुजन विकास अघाड़ी के प्रभुत्व वाले इलाके में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा कुछ खेल करने की कोशिश की जा रही है।इसी बात की सूचना पर बहुजन विकास आघाड़ी के कार्यकर्ता हंगामा करने लगे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विनोद तावड़े वोटिंग के पहले नगदी बांटने के लिए आए हुए थे। इस बीच हंगामा बढ़ता देख कई पुलिस अधिकारी भी होटल पहुंच गए और हंगामा बढ़ने पर बहुजन विकास आघाड़ी के भी कई कार्यकर्ता पहुंच गए। होटल पहुंचे बहुजन विकास अघाड़ी के हितेंद्र ठाकुर और उनके बेटे क्षितिज ठाकुर ने आरोप लगाया कि विनोद तावड़े 5 करोड़ लेकर यहां पर ठहरे हुए है। उनके पास से दो डायरियां बरामद हुई हैं, जिसमें पैसे के लेन देन का हिसाब किताब है। जानकारी के लिए बता दें कि बहुजन विकास आघाड़ी के नेता हितेंद्र ठाकुर और उनके बेटे क्षितिज ठाकुर वसई और नालासोपारा से मौजूदा विधायक हैं। नालासोपारा सीट से इस बार क्षितिज ठाकुर चुनावी मैदान में हैं। इसलिए उनके कार्यकर्ताओं की सीट पर नजर बनी हुई है। उक्त क्षेत्र में हितेंद्र ठाकुर का दबदबा माना जाता है।
Comments
Post a Comment