महिला की हत्या के मामले में दो लोग गिरफ्तार
महिला की हत्या के मामले में दो लोग गिरफ्तार
पालघर : पालघर जिले में हुई एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सोलापुर और धुले जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटील का कहना है कि मृतक महिला आरोपी गोविंद यादव के साथ रिलेशन में थी।पूछताछ के दौरान पता चला कि वह गोविंद यादव पर शादी करने और संपत्ति उसके नाम करने के लिए दबाव डाल रही थी। जिसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रची थी। पालघर की मोखाडा पुलिस को 7 फरवरी को वैतरणा नदी में महिला का सिर कटा हुआ शव मिला था। शुरू में उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। महिला के दाहिनी बांह पर ''ममता'' शब्द लिखा हुआ था। वह चांदी की अंगूठियां पहने थी। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस को पता चला कि चांदी की अंगूठियां धुले की एक दुकान से खरीदी गई थीं। इसके बाद महिला की शिनाख्त धुले के शिरपुर की रहने वाली 32 वर्षीय ममता पावरा के रूप में हुई। पुलिस ने जांच के बाद हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। सोलापुर से 45 वर्षीय गोविंद यादव और धुले के शिरपुर से महेश रवींद्र बडगुजर को पुलिस ने पकड़ा है। शादी की बात और संपत्ति को लेकर प्रेमी-प्रेमिका के बीच विवाद हुआ।यही हत्या का कारण बना। आरोपी गोविंद यादव ने ममता की हत्या की साजिश रची। इसके लिए उसने अपने सहयोगी महेश रवींद्र बडगुजर को भी साथ ले लिया।दोनों ने महिला की हत्या कर शव वैतरणा नदी में फेंक दिया था।
Comments
Post a Comment