इस वर्ष बड़े ही सादगी के साथ मनाया जाएगा गणेशोत्सव पर्व
धूमधड़ाके से ना सही लेकिन श्रद्धा और सद्भावना के साथ पधार रहे हैं गणपति बप्पा
▪️श्रवण शर्मा / मुंबई▪️
मुंबई का नाम सुनते ही देश-दुनिया के लोगों के मानसपटल पर गणेशोत्सव का अद्भुत नजारा उभर जाता है। परंतु इस बार साल 2020 में 'कोरोना' के कारण मुंबई सहित संपूर्ण महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की पुरानी चकाचौंध दिखाई नहीं देगी। इस साल गणपति बप्पा धूमधड़ाके के साथ नहीं बल्कि सादगीपूर्ण माहौल में लोगों की भावनात्मक श्रद्धा और सद्भावना के साथ पधार रहे हैं।
इस बार भले ही सभी त्योहारों पर कोरोना का ग्रहण लगा हो लेकिन मंगलमूर्ति भगवान गणेश के आगमन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सार्वजनिक आयोजनों पर प्रतिबंध के बावजूद गणेशोत्सव पर्व के लिए घर-घर में आयोजन होंगे।
इस साल गणेश चतुर्थी की शुरूआत 21 अगस्त से होगी, भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि का प्रारंभ 21 अगस्त दिन शुक्रवार की रात 11 बजकर 02 मिनट से हो रहा है, जो 22 अगस्त दिन शनिवार को शाम 07 बजकर 57 मिनट तक रहेगी।
कोरोना को देखते हुए प्रशासन ने सार्वजनिक आयोजनों पर रोक लगा दी है। ऐसे में सड़क किनारे लगने वाले सार्वजनिक पंडाल भी नहीं दिखेंगे, जिसमें बड़ी प्रतिमाएं स्थापित की जाती थी। यह जरूर है कि घर-घर में छोटी प्रतिमाएं रखी जा सकती हैं। यही नहीं गणेश मंदिरों में भी पूजन के दौरान इस बात का ध्यान रखना होगा कि अधिक लोग एक साथ एकत्रित न हों तथा सेनेटाइजर व मास्क का उपयोग अवश्य करें।
Comments
Post a Comment