स्वातंत्र्यदिन पर नालासोपारा आगार में ‘फिरते वाचनालय’ का शुभारंभ
स्वातंत्र्यदिन पर नालासोपारा आगार में ‘फिरते वाचनालय’ का शुभारंभ
विधायक राजन नाईक के हाथों लोकार्पण; यात्रियों के प्रतीक्षा समय का होगा ज्ञानवर्धक उपयोग
नालासोपारा : स्वातंत्र्यदिन के पावन अवसर पर नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजन नाईक के हाथों नालासोपारा एस.टी. बस आगार में ‘फिरते वाचनालय’ उपक्रम का शुभारंभ किया गया। यात्रियों में वाचन की रुचि बढ़ाने तथा राज्य और देश के महापुरुषों के कार्य, इतिहास एवं प्रेरणादायी विचार युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्यभर में ऐसे फिरते वाचनालय शुरू करने की संकल्पना के तहत यह उपक्रम प्रारंभ किया गया है।
एस.टी. बस से यात्रा करने वाले अनेक यात्री बस आगार में बस की प्रतीक्षा करते हैं। इस प्रतीक्षा अवधि का सदुपयोग हो और यात्रियों को सहज रूप से ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी साहित्य उपलब्ध हो सके, इसी उद्देश्य से नालासोपारा आगार में यह वाचनालय शुरू किया गया है।
इस अवसर पर विधायक राजन नाईक ने उपक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों के प्रतीक्षा समय का सकारात्मक एवं ज्ञानवर्धक उपयोग करने की दृष्टि से यह एक सराहनीय पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिरते वाचनालय नागरिकों के लिए ज्ञान का केंद्र बनेगा तथा लोगों, विशेषकर युवाओं में पढ़ने की आदत और रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
वाचनालय के लिए विभिन्न पुस्तकें एवं साहित्य उपलब्ध कराने में सहयोग के लिए आगार व्यवस्थापक नवनीत गावीत ने विधायक राजन नाईक का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा वसई-विरार जिला महामंत्री मनोज बारोट, नगरसेवक जयप्रकाश वझे, मंडल अध्यक्ष सतीश सिंह, जितेंद्र नाईक, आगार व्यवस्थापक नवनीत गावित, स्थानक प्रमुख निखिल सावळे, कार्यशाला अधीक्षक अभिषेक बट, सहायक यातायात निरीक्षक अनिल पाटील सहित एस.टी. महामंडल के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।
यह उपक्रम यात्रियों के खाली समय को केवल प्रतीक्षा तक सीमित न रखते हुए उसे ज्ञान, विचार और वाचन से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

Comments
Post a Comment