खुले नाले में गिरा बछड़ा, घंटों चली मशक्कत; प्रशासन की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
खुले नाले में गिरा बछड़ा, घंटों चली मशक्कत; प्रशासन की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
नालासोपारा : नालासोपारा पूर्व के धानिव बाग स्थित मुख्य सड़क के पास खुले पड़े नाले में अचानक एक बछड़ा गिर जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार बछड़े को नाले से सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे नाला खुला होने के कारण बछड़ा अचानक उसमें जा गिरा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद बछड़े को नाले से बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आज बछड़ा गिरा है, कल इंसान भी गिर सकता है!
इस घटना ने वसई-विरार शहर में खुले और असुरक्षित नालों की व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि नालों को खुला छोड़कर प्रशासन आखिर किस बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? यदि इसी खुले नाले में कोई बच्चा, बुजुर्ग, राहगीर या दोपहिया वाहन चालक गिर जाए तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पानी भरने के बाद खुले नाले दिखाई नहीं देते और ऐसे स्थान जानलेवा जाल में तब्दील हो जाते हैं। धानिव बाग की घटना को महज एक पशु के नाले में गिरने की घटना मानकर नजरअंदाज करना भविष्य में भारी पड़ सकता है।
नागरिकों में आक्रोश, नाले ढकने की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों के पास खुले नालों का तत्काल सर्वेक्षण कराया जाए और उन्हें मजबूत स्लैब अथवा सुरक्षा जाली से ढका जाए। साथ ही जहां नाले खुले रखना आवश्यक हो, वहां सुरक्षा बैरिकेड, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए।
नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन अक्सर हादसा होने के बाद जागता है। सवाल यह है कि क्या किसी इंसान की जान जाने के बाद ही खुले नालों पर कार्रवाई की जाएगी?
धानिव बाग की यह घटना प्रशासन के लिए स्पष्ट चेतावनी है। अब भी समय है कि खुले नालों को सुरक्षित किया जाए, वरना आज बछड़े को बचाने के लिए चली घंटों की मशक्कत कल किसी इंसानी जिंदगी को बचाने की जद्दोजहद में बदल सकती है।
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि संबंधित विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण कर खुले नाले को सुरक्षित करे और शहर के अन्य खुले नालों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करे।

Comments
Post a Comment