दो घंटे में लूट के चार आरोपी गिरफ्तार...
दो घंटे में लूट के चार आरोपी गिरफ्तार...
72 वर्षीय महिला के गले से 1.70 लाख रुपये की सोने की चैन छीनकर फरार हुए थे आरोपी ; गुजरात सीमा तक पीछा कर पालघर पुलिस ने दबोचा
पालघर : वाडा तालुका में 72 वर्षीय महिला के साथ जबरन चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए चार आरोपियों को पालघर पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 70 हजार रुपये कीमत की सोने की चैन और वारदात में इस्तेमाल की गई इको कार क्रमांक GJ-05-RS-9757 बरामद की है। त्वरित कार्रवाई के लिए पालघर पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
पालघर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे शिकायतकर्ता 72 वर्षीय भारती भास्कर पष्टे, निवासी केळीचापाड़ा-मांडा, तहसील वाडा, जिला पालघर, तीन अन्य महिलाओं के साथ केळीचापाड़ा से कंचाड जाने के लिए खड़ी थीं। इसी दौरान एक सफेद रंग की इको कार वहां पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार आरोपियों ने चारों महिलाओं को जबरन वाहन में बैठा लिया। आरोप है कि आरोपियों में से एक ने शिकायतकर्ता से हिंदी में चिल्लाते हुए उनके सिर पर हाथ से जोरदार प्रहार किया और उनके गले से करीब 1.70 लाख रुपये कीमत की सोने की चैन जबरन खींच ली। इसके बाद महिला को धक्का देकर कार से बाहर फेंक दिया और आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत के बाद वाडा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1333/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी जांच से गुजरात तक पहुंची पुलिस
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा की विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर वारदात में इस्तेमाल की गई इको कार की पहचान की।
तकनीकी जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी कार लेकर गुजरात की ओर भागे हैं। इसके बाद पालघर पुलिस ने गुजरात पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा की मदद से वलसाड ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र के गुंदलावू ब्रिज के पास जाल बिछाया।
पुलिस ने संदिग्ध इको कार को रोककर तलाशी ली। वाहन में तीन पुरुष और एक महिला सवार मिले। पूछताछ में उनकी पहचान मुजम्मिल अशफाक सवानी (29), अशफाक अली उर्फ बब्बुक मेहबुबअली सय्यद, सुफियान नाजीम शेख (22) और आसिफा उर्फ हिना अमजद पठाण (28) के रूप में हुई। सभी आरोपी गुजरात के सूरत क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पूछताछ में वारदात कबूली, माल और वाहन जब्त
पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उक्त वारदात में उनकी संलिप्तता सामने आई। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के पास से 1.70 लाख रुपये कीमत की सोने की माला तथा वारदात में इस्तेमाल की गई GJ-05-RS-9757 नंबर की इको कार जब्त की गई है।
इस कार्रवाई के बाद पीड़ित महिला का चोरी हुआ कीमती सामान बरामद होने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की आगे की जांच वाडा पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक हिमतराव सरगर द्वारा की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पालघर पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे तथा जव्हार विभाग के उपविभागीय पुलिस अधिकारी समीर महेर के मार्गदर्शन में की गई।
स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक प्रदीप पाटील, सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश शिंदे, पुलिस उपनिरीक्षक स्वप्नील सावंतदेसाई सहित स्थानीय अपराध शाखा और साइबर पुलिस थाने के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दो घंटे के भीतर महाराष्ट्र से गुजरात तक पीछा कर चार आरोपियों को दबोचने और चोरी का पूरा मुद्देमाल बरामद करने की कार्रवाई ने पालघर पुलिस की त्वरित जांच और तकनीकी निगरानी की प्रभावशीलता को सामने ला दिया है।

Comments
Post a Comment