अचानक भरभराकर गिरा विशाल पेड़, कई वाहन क्षतिग्रस्त सरस्वती हाइट्स परिसर में मचा हड़कंप
अचानक भरभराकर गिरा विशाल पेड़, कई वाहन क्षतिग्रस्त
सरस्वती हाइट्स परिसर में मचा हड़कंप, चार पहिया वाहन भी आया चपेट में; मनपा अग्निशमन दल ने संभाला मोर्चा
नालासोपारा : नालासोपारा पूर्व के ओसवाल नगरी स्थित सरस्वती हाइट्स परिसर में अचानक एक बड़ा पेड़ भरभराकर गिर गया। पेड़ के गिरते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे में पेड़ के नीचे खड़ी कई दोपहिया मोटरसाइकिलें दब गईं, जबकि एक चार पहिया वाहन भी इसकी चपेट में आ गया। गनीमत रही कि घटना के समय पेड़ के आसपास मौजूद किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पेड़ गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। कुछ ही क्षणों में पेड़ का विशाल तना और उसकी शाखाएं सड़क तथा पार्किंग क्षेत्र में फैल गईं, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। पेड़ के नीचे खड़ी कई बाइक क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, पास में खड़ा एक चार पहिया वाहन भी पेड़ की चपेट में आ गया।
सूचना मिलते ही पहुंची अग्निशमन टीम
घटना की सूचना तत्काल वसई-विरार शहर मनपा के अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने पेड़ की बड़ी-बड़ी शाखाओं को काटकर हटाया तथा सड़क और परिसर में फैले मलबे को साफ किया। काफी मशक्कत के बाद रास्ता दोबारा आवागमन के लिए साफ किया गया।
बड़ा हादसा टला
पेड़ गिरने की घटना ने एक बार फिर शहर में पुराने एवं कमजोर पेड़ों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि यह पेड़ किसी व्यस्त समय में राहगीरों या वाहनों पर गिरता, तो जनहानि की गंभीर आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। हालांकि इस घटना में किसी के घायल नहीं होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के दौरान कमजोर तथा जर्जर पेड़ों के गिरने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में मनपा प्रशासन को शहर के आवासीय परिसरों, सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े पुराने पेड़ों का सर्वे कराकर खतरनाक पेड़ों की समय रहते छंटाई अथवा आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से जान-माल का नुकसान रोका जा सके।
फिलहाल अग्निशमन विभाग की तत्परता से पेड़ को हटाकर मार्ग साफ कर दिया गया और एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

Comments
Post a Comment