खतरनाक इमारतों पर BJP नगरसेवक अभय कक्कड़ का हल्लाबोल....

खतरनाक इमारतों पर BJP नगरसेवक अभय कक्कड़ का हल्लाबोल....

बोले - ‘हादसे का इंतजार क्यों? 74 C1 इमारतों पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत’

नालासोपारा : नालासोपारा पूर्व स्थित रोशनी अपार्टमेंट में रविवार को दूसरी मंजिल का स्लैब टूटकर पहली मंजिल पर गिरने की घटना के बाद क्षेत्र में खतरनाक इमारतों का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नगरसेवक अभय कक्कड़ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से चिन्हित खतरनाक इमारतों पर तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए। अभय कक्कड़ के अनुसार, रोशनी अपार्टमेंट का अब तक स्ट्रक्चरल ऑडिट नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि वसई-विरार महानगरपालिका द्वारा शहर की 74 इमारतों को C1 यानी अति खतरनाक श्रेणी में रखा गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि इन इमारतों को खाली कराने अथवा निष्कासित करने और आवश्यकतानुसार तोड़ने की कार्रवाई कब शुरू होगी। उन्होंने कहा कि क्या प्रशासन बारिश समाप्त होने का इंतजार करेगा या फिर किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई की जाएगी? उनका आरोप है कि खतरनाक इमारतों के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए पर्याप्त टीम गठित नहीं की गई है और एक निजी कंपनी को यह कार्य सौंपा गया है। उन्होंने कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्यों की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाते हुए प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, स्थानीय परिस्थितियों के कारण दमकल की गाड़ी इमारत के अंदर तक नहीं पहुंच सकी। इससे आपात स्थिति में बचाव एवं राहत कार्य को लेकर भी चिंता सामने आई है। कक्कड़ ने कहा कि कम कीमत में घर खरीदकर रहने वाले सामान्य नागरिकों की सुरक्षा और उनकी जीवनभर की मेहनत की कमाई दोनों दांव पर लगी हैं। उन्होंने प्रशासन के साथ-साथ संबंधित बिल्डरों से भी खतरनाक इमारतों के मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील की।उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष विरार में इमारतों से जुड़े हादसों में लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को किसी दुर्घटना का इंतजार नहीं करना चाहिए। C1 श्रेणी की इमारतों की तत्काल जांच, आवश्यकतानुसार खाली कराने और नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए, यही समय की मांग है।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

नालासोपारा स्टेशन के पास गंदे पानी में चाय की केतलियां धोने का वीडियो वायरल, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल...

नालासोपारा विरार लिंक रोड़ पर तेज रफ्तार कार ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल