97 लाख 91 हजार रुपये के जाली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार...

97 लाख 91 हजार रुपये के जाली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार...

क्राइम ब्रांच यूनिट-2 वसई की कार्रवाई ; शिरसाड फाटा से नकली भारतीय मुद्रा बरामद...

वसई : नकली भारतीय मुद्रा के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए वसई पुलिस की अपराध शाखा यूनिट-2 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 97 लाख 91 हजार रुपये मूल्य के जाली भारतीय चलनी नोटों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग पर शिरसाड फाटा के पास की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से नकली नोटों के कारोबार से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गुन्हे प्रकटीकरण शाखा कक्ष-2, वसई के अधिकारी एवं कर्मचारी गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपनी सफेद रंग की सेलेरिओ कार (क्रमांक एमएच 48 बीटी 8686) से शिरसाड फाटा क्षेत्र में बड़ी मात्रा में जाली भारतीय मुद्रा लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। गुप्त सूचना के अनुसार पुलिस टीम ने शिरसाड गांव स्थित मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 48 पर मुंबई की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर प्रसाद ऑटो पार्ट्स दुकान के सामने जाल बिछाया। कुछ समय बाद संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार व्यक्ति को हिरासत में लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹500 मूल्यवर्ग के कुल 19,582 जाली नोट, यानी 97 लाख 91 हजार ₹ की नकली मुद्रा बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

मांडवी पुलिस थाने में मामला दर्ज

इस मामले में मांडवी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में जाली नोट उसे कहां से प्राप्त हुए, इनका निर्माण कहां किया गया तथा इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि आरोपी के साथ नकली नोटों की खरीद-बिक्री अथवा निर्माण में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं। पुलिस को संदेह है कि मामले की जांच आगे बढ़ने पर नकली नोटों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

आरोपी की पहचान

पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप आत्माराम पाटील, उम्र लगभग 51 वर्ष, निवासी काशिदकोपर, पोस्ट : मांडवी, तहसील वसई, जिला पालघर के रूप में की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंत्रे, अपर पुलिस आयुक्त संदीप डोईफोडे, पुलिस उपायुक्त (गुन्हे) गोंडूराम बांगार तथा सहायक पुलिस आयुक्त (गुन्हे) के मार्गदर्शन में की गई। गुन्हे प्रकटीकरण शाखा कक्ष-2 वसई के पुलिस निरीक्षक अविराज कुराडे , सहायक पुलिस निरीक्षक सुनील पवार, सहायक पुलिस उप निरीक्षक अजित गीते सहित पुलिस कर्मचारियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

नकली नोटों के नेटवर्क की जांच पर निगाह

आरोपी के पास से एक साथ 97 लाख 91 हजार रुपये की नकली भारतीय मुद्रा बरामद होने के बाद अब पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र यह है कि जाली नोटों की सप्लाई चेन कितनी लंबी है और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर नोटों के स्रोत, निर्माण, वितरण और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई को नकली भारतीय मुद्रा के अवैध कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

नालासोपारा स्टेशन के पास गंदे पानी में चाय की केतलियां धोने का वीडियो वायरल, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल...

नालासोपारा विरार लिंक रोड़ पर तेज रफ्तार कार ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल