विरार स्थित खानिवडे में भीषण हादसा, 16-पहिया ट्रेलर के नीचे घुसी वैगनआर
विरार स्थित खानिवडे में भीषण हादसा, 16-पहिया ट्रेलर के नीचे घुसी वैगनआर
वाहन में सवार महिला बाल-बाल बची; कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त, पुलिस व परिवहन विभाग ने शुरू की जांच
विरार : रविवार सुबह विरार पूर्व के खानिवडे इलाके में तानसा नदी पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हादसे में एक वैगनआर कार 16-पहिया ट्रेलर के नीचे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैगनआर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय वैगनआर में एक महिला सवार थी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वाहन की हालत देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का निरीक्षण किया तथा हादसे से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। हादसा किस वजह से हुआ, वैगनआर और ट्रेलर की गति कितनी थी तथा दोनों वाहनों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस एवं परिवहन विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। खानिवडे स्थित तानसा नदी पुल क्षेत्र में इससे पहले भी गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। मार्च 2025 में इसी खानिवडे पुल से एक ट्रेलर तानसा नदी में गिर गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और एक अन्य के घायल होने की सूचना सामने आई थी।
फिलहाल रविवार सुबह हुए इस हादसे में महिला के सुरक्षित बचने से बड़ी जनहानि टल गई। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments
Post a Comment