यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल के अवैध स्थानांतरण मामले में होगी कार्रवाई...
यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल के अवैध स्थानांतरण मामले में होगी कार्रवाई...
विधानसभा में शिक्षा मंत्री दादा भूसे का आश्वासन, दोषी अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई...
जिला परिषद के स्कूलों को नगर निगम को हस्तांतरित करने का निर्णय भी होगा लागू...
नालासोपारा : विरार स्थित यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल के कथित अवैध स्थानांतरण मामले में राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। विधानसभा में भाजपा विधायक राजन नाईक द्वारा उठाए गए प्रश्न के उत्तर में स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भूसे ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं तथा जांच पूरी होने के बाद दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विधानसभा में चर्चा के दौरान विधायक राजन नाईक ने बताया कि यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल पिछले पांच वर्षों से बंद होने के बावजूद आरटीई (शिक्षा का अधिकार) के तहत छात्रों को प्रवेश दिया जा रहा था। साथ ही, स्कूल को लगभग दो किलोमीटर दूर स्थानांतरित कर दिए जाने से अभिभावकों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अभिभावकों को मुंबई स्थित शिक्षा निदेशक कार्यालय तथा पालघर जिला परिषद मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़े।विधायक नाईक ने वसई तालुका के शिक्षा विभाग में व्याप्त कर्मचारियों की भारी कमी का मुद्दा भी सदन में उठाया। उन्होंने बताया कि वसई तालुका के लगभग 150 स्कूलों में 456 छात्र अध्ययनरत हैं, जबकि पूरे तालुका में करीब साढ़े चार लाख विद्यार्थी हैं। इसके बावजूद समूह शिक्षा अधिकारी का पद प्रभारी व्यवस्था के तहत संचालित हो रहा है। केंद्र प्रमुखों के सात पद, विस्तार अधिकारियों के छह पद तथा लेखाधिकारी, अधीक्षक, एमआईएस समन्वयक और डीटीपी ऑपरेटर सहित कई महत्वपूर्ण पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की। राजन नाईक ने यह भी याद दिलाया कि गत वर्ष 16 जुलाई को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला परिषद के स्वामित्व वाले स्कूलों को संबंधित नगर निगम को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ है। उन्होंने वसई तालुका के शिक्षा संबंधी विभिन्न मुद्दों पर विधानसभा सत्र के दौरान विशेष बैठक बुलाने की भी मांग की। इस पर शिक्षा मंत्री दादा भूसे ने सदन को आश्वस्त किया कि यश विद्यानिकेतन ग्लोबल स्कूल के स्थानांतरण प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आगामी तबादलों और नियुक्तियों के दौरान वसई तालुका में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने तथा जिला परिषद के स्कूलों को नगर निगम को हस्तांतरित करने के निर्णय को शीघ्र लागू करने का भी भरोसा दिया।

Comments
Post a Comment