मुंबई के कुष्ठ रोगियों का मासिक विशेष अनुदान बढ़ाकर कम से कम ₹5,000 किया जाए, महापौर रितु तावड़े का निर्देश..
मुंबई के कुष्ठ रोगियों का मासिक विशेष अनुदान बढ़ाकर कम से कम ₹5,000 किया जाए, महापौर रितु तावड़े का निर्देश..
मुंबई (ओ. पी. तिवारी) : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) क्षेत्र में रहने वाले कुष्ठ रोगियों को दिए जाने वाले मासिक विशेष अनुदान को बढ़ाकर कम से कम 5,000 रुपये किए जाने की मांग को लेकर महाराष्ट्र कुष्ठपीड़ित संघटना के प्रतिनिधिमंडल ने 25 जून 2026 को मुंबई की महापौर रितु तावड़े से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर बीएमसी के सभागृह नेता गणेश खणकर भी उपस्थित थे। उनके माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने महापौर के समक्ष कुष्ठ रोगियों की समस्याएं और अनुदान बढ़ाने की मांग रखी। ज्ञापन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए महापौर रितु तावड़े ने मांग का समर्थन किया और बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे को इस संबंध में विस्तृत पत्र भेजा। उन्होंने आयुक्त को निर्देश दिया कि कुष्ठ रोगियों की स्थिति और बढ़ती महंगाई को ध्यान में रखते हुए उनके मासिक विशेष अनुदान को बढ़ाकर कम से कम 5,000 रुपये किए जाने के प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए। महाराष्ट्र कुष्ठपीड़ित संघटना के अध्यक्ष जितेंद्र तुकाराम चव्हाण द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि जून 2019 से बीएमसी कुष्ठ रोगियों को प्रतिमाह 2,500 रुपये का विशेष अनुदान दे रही है। लेकिन वर्तमान महंगाई के दौर में यह राशि परिवार का भरण-पोषण और दैनिक जरूरतें पूरी करने के लिए पर्याप्त नहीं है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पनवेल महानगरपालिका अपने क्षेत्र के कम आय वाले कुष्ठ रोगियों को प्रतिमाह 4,000 रुपये का विशेष अनुदान देती है। ऐसे में मुंबई के कुष्ठ रोगियों को भी कम से कम 5,000 रुपये प्रतिमाह विशेष अनुदान दिया जाना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। महापौर रितु तावड़े ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कुष्ठ रोगियों के जीवन स्तर और बढ़ती महंगाई को देखते हुए उनकी मांग पूरी तरह न्यायसंगत है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आयुक्त को तत्काल पत्र भेज दिया गया है और उम्मीद है कि जल्द ही इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Comments
Post a Comment