महिला के हत्यारे को गिरफ्तार करने मे पुलिस को मिली कामयाबी
महिला के हत्यारे को गिरफ्तार करने मे पुलिस को मिली कामयाबी
विरार : मीरा भायंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत विरार पुलिस की अपराध शाखा ने एक महिला की कथित तौर पर हत्या करने व शव को नाले में फेंकने के मामले में दो लोगों को हर्षद पाटिल (26) और उसके दोस्त कृतेश किणी (28) को गिरफ्तार किया है। एमबीवीवी पुलिस की विरार अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने बताया कि करीब 35 साल की महिला का शव 27 नवंबर को महरंबल पाड़ा घाट के पास मिला था। शव मिलने पर वह आंशिक रूप से सड़ चुका था। उन्होंने बताया कि पानी में फेंकने से पहले महिला के शव के साथ एक बड़ा पत्थर बांधा गया था। अर्नाला सागर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 201के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विरार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी और लापता व्यक्ति और मृतक महिला के विवरण का मिलान किया गया था। पुलिस को बाद में पता चला कि पीड़िता का पाटिल के साथ संबंध था, लेकिन दोनों में अक्सर कई मुद्दों पर झगड़ा होता रहता था। महिला से तंग आकर पाटिल ने उसे मारने के लिए किणी की मदद ली। दोनों आरोपियों को आखिरकार विरार के नारंगी क्षेत्र से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की जांच के लिए अर्नाला पुलिस को सौंप दिया गया।
Comments
Post a Comment