साकीनाका सिग्नल के पास स्थित HP पेट्रोल पंप पर बाइक सवारों को पेट्रोल में पानी मिलने की आई शिकायत...

साकीनाका सिग्नल के पास स्थित HP पेट्रोल पंप पर बाइक सवारों को पेट्रोल में पानी मिलने की आई शिकायत...

मुंबई (ओ पी तिवारी) : मुंबई के साकीनाका सिग्नल के पास स्थित एक एचपी (HP) पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने वाले कई बाइक सवारों ने पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत की है। शिकायत सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल पंप पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल भरवाने के कुछ ही समय बाद कई दोपहिया वाहन अचानक बंद हो गए। वाहन चालकों ने जब स्थानीय मैकेनिक से जांच कराई तो कुछ मामलों में ईंधन में पानी होने की आशंका जताई गई। इसके बाद प्रभावित लोगों ने पेट्रोल पंप पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिकायत बढ़ने पर पेट्रोल पंप पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई की जाए तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा पेट्रोल की गुणवत्ता की तत्काल जांच कराई जाए। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज कर आवश्यक जांच का आश्वासन दिया। जांच के लिए ईंधन के नमूने भी लिए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईंधन में पानी किस कारण मिला। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। संबंधित पेट्रोल पंप प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि यदि किसी उपभोक्ता को पेट्रोल भरवाने के बाद वाहन में तकनीकी समस्या आती है, तो वह बिल सुरक्षित रखें और संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मामले की उचित जांच की जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा