नालासोपारा के डेयरी फार्म पर FDA का छापा, 278 लीटर संदिग्ध दूध जब्त कर किया नष्ट

नालासोपारा के डेयरी फार्म पर FDA का छापा, 278 लीटर संदिग्ध दूध जब्त कर किया नष्ट

नालासोपारा : खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए नालासोपारा स्थित एक डेयरी फार्म पर छापा मारकर 278 लीटर संदिग्ध एवं मिलावटी दूध जब्त किया। प्रारंभिक जांच में दूध की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर अधिकारियों ने उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही दूध के नमूने विस्तृत प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे के कार्यभार संभालने के बाद विभाग नकली दवाओं, गुटखा, पान मसाला और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में वसई-विरार शहर में दूध की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग को सूचना मिली थी कि नालासोपारा के एक डेयरी फार्म में दूध में मिलावट की जा रही है। सूचना के आधार पर एफडीए की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान खुले में रखे दूध तथा पाश्चुरीकृत मानक दूध के नमूने एकत्र किए गए। प्रारंभिक परीक्षण में दूध में ऐसी मिलावट के संकेत मिले, जो मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 278 लीटर संदिग्ध दूध जब्त कर नष्ट कर दिया। जब्त किए गए नमूनों को अंतिम पुष्टि के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थ केवल अधिकृत, स्वच्छ और विश्वसनीय विक्रेताओं से ही खरीदें। यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता या मिलावट को लेकर संदेह हो तो इसकी शिकायत तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन को करें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा