वसई-विरार की बाढ़ समस्या पर निर्णायक पहल ; विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विशेष संयुक्त बैठक का दिया आश्वासन..

वसई-विरार की बाढ़ समस्या पर निर्णायक पहल ; विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विशेष संयुक्त बैठक का दिया आश्वासन

वसई : वसई-विरार में पिछले कुछ दिनों से हुई भारी बारिश के कारण उत्पन्न गंभीर बाढ़ की स्थिति, चरमराई यातायात व्यवस्था और नागरिकों को हो रही परेशानियों के मद्देनजर वसई विधानसभा की विधायक सौ. स्नेहा दुबे पंडित ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। विधायक ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि वसई-विरार की बाढ़ समस्या का केवल अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी और प्रभावी समाधान निकाला जाए। इसके लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राजस्व विभाग, नगर विकास विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), एमएसआरडीसी, भारतीय रेल, वसई-विरार महानगरपालिका, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा संबंधित सभी विभागों की विशेष संयुक्त बैठक तत्काल बुलाई जाए। स्नेहा दुबे पंडित ने मुख्यमंत्री को बताया कि वसई-विरार में हर वर्ष मानसून के दौरान बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे नागरिकों को जान-माल का नुकसान, यातायात बाधित होने के साथ-साथ रोजगार और दैनिक जीवन पर भी गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वय से दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करना समय की आवश्यकता है। विधायक की मांग पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि वसई-विरार की बाढ़ समस्या की व्यापक समीक्षा के लिए संबंधित विभागों की विशेष संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी। बैठक के दौरान विधायक ने पिछले पांच दिनों की लगातार बारिश से रेलवे सेवाओं के बार-बार बाधित होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि इससे हजारों नौकरीपेशा लोग, औद्योगिक क्षेत्र के कर्मचारी, व्यापारी, विद्यार्थी तथा मुंबई के स्कूलों में पढ़ाने जाने वाले वसई-विरार के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। इस असाधारण परिस्थिति को देखते हुए विधायक ने राज्य सरकार से मांग की कि निजी प्रतिष्ठानों, उद्योगों, कंपनियों तथा शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत प्रभावित कर्मचारियों और शिक्षकों को कम से कम चार दिनों का सवेतन विशेष अवकाश (पेड स्पेशल लीव) देने संबंधी आवश्यक निर्णय लिया जाए। विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने कहा कि वसई-विरार के नागरिकों को हर वर्ष बाढ़ की समस्या से जूझना न पड़े, इसके लिए राज्य सरकार युद्धस्तर पर योजना बनाकर स्थायी एवं टिकाऊ समाधान लागू करे।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा