मालाड पूर्व स्थित कुरार में दिनदहाड़े युवती पर जानलेवा हमला, महिलाओं ने किया पुलिस स्टेशन का घेराव...
मालाड पूर्व स्थित कुरार में दिनदहाड़े युवती पर जानलेवा हमला, महिलाओं ने किया पुलिस स्टेशन का घेराव...
आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग, पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला किया दर्ज...
मुंबई : मालाड पूर्व के कुरार विलेज स्थित गांधीनगर इलाके में बुधवार (9 जुलाई) को 25 वर्षीय युवती पर कथित रूप से हुए जानलेवा हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, युवती दोपहर में अपने घर के सामने सार्वजनिक नल पर पानी भर रही थी। इसी दौरान चेहरे पर प्लास्टिक की थैली पहनकर आए दो हमलावरों ने कथित रूप से उसे धमकाते हुए लंबी वायर से सिर, चेहरे और सीने पर हमला कर दिया। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर भागने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि भागते समय एक तीसरा व्यक्ति भी उनके साथ था, जिसने चाकू लहराकर लोगों को धमकाया। युवती ने दावा किया कि भागने के दौरान हमलावरों के चेहरे से प्लास्टिक की थैली हट गई, जिससे उसने दो आरोपियों की पहचान शिवम सिंह और राहुल विश्वकर्मा उर्फ आडी के रूप में की।
घायल युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हमला व्यक्तिगत विवाद नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही प्रतिशोध की भावना का परिणाम है। परिवार के अनुसार, युवती के पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार तथा मेट्रो दिनांक समाचार पत्र के संपादक दीनानाथ तिवारी क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों और आपराधिक मामलों को लगातार उजागर करते रहे हैं, जिसके कारण परिवार को पहले भी धमकियां और हमलों का सामना करना पड़ा है।
परिवार ने यह भी दावा किया कि वर्ष 2024 में होलिका दहन के दौरान हुए विवाद के बाद दीनानाथ तिवारी की कार में आग लगाए जाने की घटना भी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विशेषकर महिलाएं, कुरार पुलिस स्टेशन पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 150 से 200 महिलाओं ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा सार्वजनिक परेड की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि गांधीनगर क्षेत्र में लंबे समय से भय का माहौल बना हुआ है। उनका आरोप है कि असुरक्षा के कारण कई बार महिलाओं को सार्वजनिक शौचालय तक भी समूह में जाना पड़ता है। उनका कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लोगों में सुरक्षा का विश्वास बहाल करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

Comments
Post a Comment