नागरिकों को निर्बाध परिवहन सेवा मिले, इसलिए वसई-विरार में छत पर बैटरी पैक वाली ई-बसें उपलब्ध कराई जाए

नागरिकों को निर्बाध परिवहन सेवा मिले, इसलिए वसई-विरार में छत पर बैटरी पैक वाली ई-बसें उपलब्ध कराई जाए....

विधायक राजन नाईक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की मांग....

नालासोपारा : वसई-विरार शहर में बरसात और बाढ़ जैसी परिस्थितियों के दौरान भी नागरिकों को निर्बाध सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भाजपा विधायक राजन नाईक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से प्रधानमंत्री (पीएम) ई-बस सेवा योजना के तहत मिलने वाली 100 इलेक्ट्रिक बसों में नीचे की बजाय छत पर बैटरी पैक (रूफ-टॉप बैटरी) वाली बसें उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत वसई-विरार शहर परिवहन सेवा (VVCMT) को 100 इलेक्ट्रिक बसें मंजूर हुई हैं। जानकारी के अनुसार, उपलब्ध कराई जाने वाली जेबीएम (JBM) कंपनी की ई-बसों में बैटरी पैक बस के निचले हिस्से में लगाया गया है। विधायक राजन नाईक ने अपने पत्र में कहा है कि वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के अनेक हिस्सों में हर वर्ष मानसून के दौरान सड़कों पर जलभराव की गंभीर समस्या रहती है। ऐसी स्थिति में बस के निचले हिस्से में लगी बैटरी लंबे समय तक पानी के संपर्क में आने पर विद्युत प्रणाली और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रभावित होने तथा रखरखाव का खर्च बढ़ने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में संचालन के लिए छत पर बैटरी पैक वाली इलेक्ट्रिक बसें अधिक सुरक्षित और उपयुक्त साबित होंगी। इससे बस के प्रमुख विद्युत उपकरण पानी से सुरक्षित रहेंगे और मानसून के दौरान भी परिवहन सेवा बिना किसी बाधा के संचालित की जा सकेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए विधायक राजन नाईक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि वसई-विरार की भौगोलिक एवं वर्षा संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए केंद्र सरकार से समन्वय कर रूफ-टॉप बैटरी पैक वाली इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जाए, ताकि नागरिकों को हर मौसम में सुरक्षित और निर्बाध सार्वजनिक परिवहन सेवा मिल सके।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा