वसई-विरार मनपा के सर डी.एम. पेटिट अस्पताल के आपातकालीन विभाग की छत का हिस्सा गिरा, बड़ा हादसा टला...

वसई-विरार मनपा के सर डी.एम. पेटिट अस्पताल के आपातकालीन विभाग की छत का हिस्सा गिरा, बड़ा हादसा टला...

वार्ड में मरीज न होने से जनहानि नहीं हुई, घटना के बाद संरचनात्मक ऑडिट कराने की तैयारी, रखरखाव व्यवस्था पर उठे सवाल..


वसई (लालप्रताप सिंह) : वसई-विरार शहर मनपा के सर डी.एम. पेटिट अस्पताल के आपातकालीन (इमरजेंसी) विभाग में शुक्रवार को छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। घटना के समय वार्ड में कोई मरीज मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल एहतियात बरतते हुए मरीजों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण छत में पानी का रिसाव हुआ, जिससे स्लैब कमजोर हो गया और उसका एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। हालांकि, इस घटना ने नगर निगम के निर्माण (बांधकाम) विभाग की रखरखाव एवं मरम्मत व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक अस्पताल की इमारत की समय-समय पर संरचनात्मक जांच और आवश्यक मरम्मत होना अपेक्षित है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या भवन की स्थिति का पूर्व आकलन किया गया था और क्या संबंधित अधिकारियों को संभावित खतरे की जानकारी थी। नागरिकों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में निर्माण विभाग से संपर्क करने पर बांधकाम अभियंता (ठेकेदार) मनोज पाटिल ने बताया कि अस्पताल भवन की फिलहाल कोई मरम्मत नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद भवन का संरचनात्मक ऑडिट कराया जाएगा, ताकि उसकी वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। वहीं, अस्पताल प्रबंधक डॉ. रानी बदलानी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्थिति को देखते हुए मरीजों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी भी मरीज या कर्मचारी को चोट नहीं आई है। घटना के बाद नागरिकों ने पूरे अस्पताल भवन का तत्काल संरचनात्मक ऑडिट कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा