नालासोपारा पूर्व स्थित ओम नगर की दुर्गेश्वरी बिल्डिंग झुकने की आशंका, मनपा ने एहतियातन इमारत कराई खाली...

नालासोपारा पूर्व स्थित ओम नगर की दुर्गेश्वरी बिल्डिंग झुकने की आशंका, मनपा ने एहतियातन इमारत कराई खाली...

स्ट्रक्चरल ऑडिट के बाद होगी आगे की कार्रवाई, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं...

विरार : वसई-विरार शहर मनपा ने नालासोपारा पूर्व के ओम नगर स्थित दुर्गेश्वरी बिल्डिंग के झुकने की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए एहतियातन पूरी इमारत को खाली करा दिया। मनपा की इस त्वरित कार्रवाई से किसी संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय स्तर पर इमारत के एक ओर झुकने की सूचना मिलने के बाद मनपा प्रशासन, अग्निशमन विभाग तथा संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का निरीक्षण कर इमारत को असुरक्षित मानते हुए उसमें रह रहे सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। प्रशासन की निगरानी में इमारत को पूरी तरह खाली कराया गया।


मुख्य अग्निशमन अधिकारी रोहन मोरे ने बताया कि भवन की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए अधिकृत विशेषज्ञों द्वारा स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा। ऑडिट रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद भवन को मरम्मत योग्य घोषित किया जाएगा या उसे खतरनाक श्रेणी में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी, इसका निर्णय लिया जाएगा।

मनपा अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि जब तक प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं दी जाती, तब तक कोई भी व्यक्ति इमारत में प्रवेश न करे। साथ ही आसपास के नागरिकों को भी सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है।

फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने अथवा घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते मनपा द्वारा उठाए गए एहतियाती कदमों की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। अब सभी की निगाहें स्ट्रक्चरल ऑडिट रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर इमारत के भविष्य को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा