भारी वाहनों के दबाव से वसई के मेढ़े ग्राम पंचायत क्षेत्र का पुल ढहा, दो वाहन गिरे : बड़ा हादसा टला

भारी वाहनों के दबाव से वसई के मेढ़े ग्राम पंचायत क्षेत्र का पुल ढहा, दो वाहन गिरे : बड़ा हादसा टला

वसई : वसई पूर्व स्थित मेढ़े ग्राम पंचायत क्षेत्र में वड़घर गांव की ओर जाने वाला पुल शनिवार दोपहर अचानक भरभराकर गिर गया। पुल टूटने के दौरान उस पर से गुजर रहे दो वाहन नीचे जा गिरे। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि दोनों वाहन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से पुल के आसपास आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में संचालित लघु खनिज खदानों से प्रतिदिन क्षमता से अधिक वजन वाले डंपर और भारी वाहन इसी पुल से गुजरते थे। ग्रामीणों का कहना है कि पुल की जर्जर स्थिति और भारी वाहनों के आवागमन को लेकर कई बार प्रशासन को शिकायतें दी गईं, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिणामस्वरूप पुल ढह गया और बड़ा हादसा सामने आया।पुल गिरने से वड़घर, कालभोन और लेंडी गांवों का आपसी संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। अब इन गांवों के लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लगभग 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर गणेशपुरी मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों तथा रोजमर्रा के कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों की आवाजाही सुचारु हो सके। साथ ही, पुल निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए नए एवं मजबूत पुल का निर्माण जल्द से जल्द शुरू किया जाए तथा क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से नियंत्रण लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस घटना के बाद क्षेत्र में प्रशासन की कार्यप्रणाली और पुलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत और निगरानी की गई होती तो इस दुर्घटना से बचा जा सकता था। फिलहाल प्रशासन द्वारा पुल गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा