वसई तालुका के सभी समुद्र तटों पर पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग तेज...
वसई तालुका के सभी समुद्र तटों पर पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग तेज...
सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपील...
वसई : वसई तालुका के समुद्र तटों पर हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, महिलाओं से छेड़छाड़, लूटपाट, अवैध धंधों तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को देखते हुए अब सभी प्रमुख समुद्र तटों पर स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। सामाजिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों तथा जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से इस दिशा में तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।हाल ही में वसई के सुरुची बीच पर मॉर्निंग वॉक के दौरान एक युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और मोबाइल लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वसई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इस घटना के बाद समुद्र तटों की सुरक्षा को लेकर नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। वसई तालुका के सुरुची बीच, राजोडी बीच, किलाबंदर, अर्नाला बीच, भुईगांव बीच, राणगांव तट सहित अन्य समुद्री क्षेत्रों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, स्थानीय नागरिक, मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग तथा परिवार घूमने आते हैं। शाम और छुट्टियों के दिनों में यहां भारी भीड़ उमड़ती है, लेकिन अधिकांश स्थानों पर स्थायी पुलिस चौकी और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था नहीं होने से असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई समुद्र तटों पर देर रात तक शराबखोरी, जुआ, नशाखोरी, छेड़छाड़ तथा अन्य अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिलती रहती हैं। नियमित पुलिस गश्त और स्थायी पुलिस चौकी होने से ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि प्रत्येक प्रमुख समुद्र तट पर पुलिस चौकी स्थापित कर 24 घंटे पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे, हाई-मास्ट लाइट, आपातकालीन सहायता केंद्र, महिला सुरक्षा हेल्प डेस्क तथा लाइफगार्ड की संख्या भी बढ़ाई जाए ताकि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। नागरिकों का मानना है कि समुद्र तट पर्यटन की दृष्टि से वसई की महत्वपूर्ण पहचान हैं। यदि यहां मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है तो अपराधों पर अंकुश लगेगा, पर्यटकों का विश्वास बढ़ेगा तथा पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन, पालघर पुलिस और संबंधित विभाग इस महत्वपूर्ण मांग पर कितना शीघ्र निर्णय लेते हैं और वसई तालुका के समुद्र तटों को सुरक्षित बनाने के लिए कौन-कौन से ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Comments
Post a Comment