वसई पूर्व के पोमण स्थित कैबीट्स टेक प्रा.लि. में भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
वसई पूर्व के पोमण स्थित कैबीट्स टेक प्रा.लि. में भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, कूलिंग ऑपरेशन जारी, आग लगने के कारणों की जांच शुरू
वसई : वसई पूर्व के कामण क्षेत्र अंतर्गत पोमण स्थित कैबीट्स टेक प्राइवेट लिमिटेड में रविवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और दूर तक उठता धुएं का गुबार देखकर स्थानीय नागरिकों ने तत्काल इसकी सूचना वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग को दी।सूचना मिलते ही वसई-विरार महानगरपालिका की दमकल विभाग की कई गाड़ियां और अग्निशमन कर्मियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण आग पर काबू पाने में कई घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।दमकल अधिकारी जयेश चिंपुलकर ने बताया कि दमकल विभाग ने आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया है। हालांकि, एहतियात के तौर पर परिसर में कूलिंग ऑपरेशन जारी है, ताकि आग दोबारा न भड़क सके। उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दमकल कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, फैक्ट्री में रखे सामान और मशीनरी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह शांत होने और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। संबंधित विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र को घेर लिया गया था तथा लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई। दमकल विभाग, स्थानीय प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें।

Comments
Post a Comment