पालक मंत्री गणेश नाईक ने वसई-विरार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण...

पालक मंत्री गणेश नाईक ने वसई-विरार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण...

जल निकासी, सफाई और राहत कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

वसई : वसई-विरार शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति का जायजा लेने के लिए महाराष्ट्र सरकार के वन मंत्री एवं पालघर जिले के पालक मंत्री गणेश नाईक ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न निचले इलाकों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों से बातचीत की तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पालक मंत्री ने नालासोपारा (पूर्व) के गाला नगर, शिरडी नगर, डॉन लेन, अचोले रोड, नालासोपारा पूर्व रेलवे स्टेशन परिसर, संतोष भवन, वलई पाड़ा तथा नालासोपारा राजमार्ग क्षेत्र का दौरा किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था में तेजी लाने, नालों की तत्काल सफाई, स्वास्थ्य संबंधी एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने तथा आवश्यक राहत कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत सावरा, वसई विधानसभा क्षेत्र की विधायक स्नेहा दुबे पंडित, पालघर के विधायक राजेंद्र गावित, पालघर जिला कलेक्टर डॉ. इंदु रानी जाखड़, वसई-विरार शहर महानगरपालिका के आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी., भाजपा वसई-विरार जिला अध्यक्ष प्रज्ञा पाटिल, मनपा में विपक्ष के नेता मनोज पाटिल, पार्षद, विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में पालक मंत्री गणेश नाईक ने बताया कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित नागरिकों को शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पालक मंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी सरकारी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर कार्य करें, ताकि भारी बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके और प्रभावित नागरिकों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा