पालघर जिले के सभी माध्यमों के स्कूलों और कॉलेजों में बुधवार को भी अवकाश घोषित..
पालघर जिले के सभी माध्यमों के स्कूलों और कॉलेजों में बुधवार को भी अवकाश घोषित...
पालघर : पालघर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश तथा भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए पालघर जिला प्रशासन ने एहतियातन बुधवार 8 जुलाई 2026 को जिले के सभी माध्यमों के स्कूलों और कॉलेजों में पुनः अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने आदेश जारी करते हुए कहा कि जिले के कई हिस्सों, विशेषकर तटीय क्षेत्रों में लगातार भारी वर्षा हो रही है। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है तथा सड़क और यातायात भी प्रभावित है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार यह अवकाश जिले के सभी सरकारी, अनुदानित, निजी तथा सभी माध्यमों के विद्यालयों और महाविद्यालयों पर लागू रहेगा। संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे छात्रों, अभिभावकों और कर्मचारियों को अवकाश की सूचना समय पर उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक स्थानीय प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक स्थानों पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग की आगामी चेतावनियों के अनुसार आगे की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

Comments
Post a Comment