विरार में बड़ा बचाव अभियान : भारी बारिश में फंसे दो ट्रैकर्स को पुलिस ने सुरक्षित निकाला
विरार में बड़ा बचाव अभियान : भारी बारिश में फंसे दो ट्रैकर्स को पुलिस ने सुरक्षित निकाला
विरार : विरार पूर्व स्थित पापड़खिंड पहाड़ पर ट्रेकिंग के लिए गए दो युवक रविवार को भारी बारिश और अंधेरे के कारण रास्ता भटक गए। सूचना मिलते ही विरार पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और लगभग दो किलोमीटर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पैदल खोजबीन कर दोनों युवकों को सकुशल नीचे उतार लिया। जानकारी के अनुसार, जनक चुडासमा और धार्मिक चुडासमा शंकर मंदिर क्षेत्र में ट्रेकिंग के लिए गए थे। वापसी के दौरान तेज बारिश, घना अंधेरा और फिसलन भरे रास्तों के कारण उन्हें नीचे उतरने का मार्ग नहीं मिला। काफी प्रयास के बाद भी रास्ता न मिलने पर दोनों ने अपने रिश्तेदारों से संपर्क किया। इसके बाद आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर पुलिस से सहायता मांगी गई। सूचना मिलते ही फुलपाड़ा बीट मार्शल के कांस्टेबल नितिन उत्तेकर, कांस्टेबल सोमनाथ कासर, जय मोरे, प्रदीप शिंदे और उत्कर्ष सोनावणे ने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू किया। लगातार हो रही बारिश और कठिन पहाड़ी रास्तों के बीच पुलिस टीम ने करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर दोनों युवकों की तलाश की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने रात लगभग 10 बजे दोनों ट्रैकर्स का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित नीचे लेकर आया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, साहस और समर्पण की स्थानीय नागरिकों ने जमकर सराहना की है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में ट्रेकिंग के दौरान पूरी सावधानी बरतें, मौसम की जानकारी लेकर ही पहाड़ी क्षेत्रों में जाएं तथा आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या आपदा राहत सेवाओं से संपर्क करें।

Comments
Post a Comment